UTET 2026: उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET-I & II) की अधिसूचना जारी, जानें परीक्षा तिथि, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने UTET-I और UTET-II 2026 परीक्षा के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। योग्य अभ्यर्थी 14 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस लेख में महत्वपूर्ण तिथियां, पात्रता मानदंड, परीक्षा शुल्क, पाठ्यक्रम और आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से दी गई है।

Jul 15, 2026 - 17:20
Updated: 4 hours ago
0 5
UTET 2026 Notification and Online Application Details (उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 अधिसूचना)
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित की जाने वाली UTET-I एवं UTET-II परीक्षा 2026 के महत्वपूर्ण विवरण, जैसे आवेदन की तिथियां, परीक्षा प्रारूप और पात्रता मानदंड दर्शाती हुई सूचनात्मक छवि।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) ने उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा प्रथम एवं द्वितीय (UTET-I & II) 2026 के आयोजन की अधिसूचना 14 जुलाई 2026 को जारी कर दी है। परिषद की वेबसाइट www.ukutet.com पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी उसी दिन से शुरू हो गई है। परीक्षा 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

यूटेट 2026: महत्वपूर्ण तिथियां

अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले सभी तिथियों को ध्यान से नोट कर लेना चाहिए, क्योंकि निर्धारित समय के बाद किसी भी दशा में आवेदन या शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रक्रिया तिथि
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ 14 जुलाई 2026
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 03 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 06 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
आवेदन पत्र में संशोधन की तिथि 08 अगस्त 2026 से 11 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
प्रवेश पत्र डाउनलोड परीक्षा तिथि से सात दिन पूर्व, बोर्ड की वेबसाइट से
प्रस्तावित परीक्षा तिथि 29 सितंबर 2026 (मंगलवार)

परीक्षा दोनों स्तरों की एक ही दिन दो पालियों में होगी। UTET-I प्रातः 10:00 बजे से 12:30 बजे तक और UTET-II अपराह्न 02:00 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

पात्रता मानदंड

बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। UTET दो स्तरों में आयोजित होती है, जिनकी शैक्षिक व प्रशिक्षण योग्यता अलग-अलग है।

UTET-I (कक्षा 1 से 5, प्राथमिक स्तर) के लिए न्यूनतम योग्यता

  • न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में द्विवर्षीय डिप्लोमा (डी.एल.एड./बी.टी.सी.)।
  • अथवा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक और 4 वर्षीय प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में स्नातक (बी.एल.एड.)।
  • अथवा स्नातक और प्रारंभिक शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा (डी.एल.एड./बी.टी.सी.)।
  • राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्र और नियमित रूप से कार्यरत इन-सर्विस शिक्षक भी निर्धारित शर्तों के अनुसार पात्र होंगे।

UTET-II (कक्षा 6 से 8, उच्च प्राथमिक स्तर) के लिए न्यूनतम योग्यता

  • स्नातक और प्रारंभिक शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा (बी.टी.सी./डी.एल.एड.) उत्तीर्ण।
  • अथवा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और शिक्षा शास्त्र में एक वर्षीय स्नातक (बी.एड./एल.टी./शिक्षा शास्त्री)।
  • अथवा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक और 4 वर्षीय बी.ए.एड./बी.एससी.एड.।
  • डाइस कोड आवंटित विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तक अध्यापन कराने वाले नियमित रूप से नियुक्त इन-सर्विस शिक्षक भी पात्र होंगे।

आरक्षित श्रेणी (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांग) के अभ्यर्थियों को स्नातक स्तर के प्राप्तांकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। जो अभ्यर्थी दो वर्षीय अथवा चार वर्षीय डिग्री/डिप्लोमा प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रशिक्षणरत हैं या प्रवेश ले चुके हैं, वे भी अनंतिम रूप से परीक्षा के लिए पात्र होंगे, लेकिन उनका प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने पर ही मान्य होगा।

न्यूनतम उत्तीर्णांक

अध्यापक पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं।

श्रेणी न्यूनतम उत्तीर्णांक
सामान्य वर्ग 60 प्रतिशत
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति 40 प्रतिशत
अन्य पिछड़ा वर्ग/दिव्यांग/स्वतंत्रता सेनानी आश्रित/भूतपूर्व सैनिक (स्वयं) 50 प्रतिशत

ध्यान रहे कि TET उत्तीर्ण करने मात्र से अभ्यर्थी को नियुक्ति का दावा या अधिकार प्राप्त नहीं होता। यह शिक्षक नियुक्ति के लिए निर्धारित योग्यताओं में से केवल एक अनिवार्य अर्हता है। परीक्षा प्रमाण-पत्र की वैधता आजीवन रहेगी।

परीक्षा शुल्क

श्रेणी एक परीक्षा हेतु शुल्क दोनों परीक्षा हेतु शुल्क
सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्ग ₹600 ₹1000
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/निःशक्त वर्ग ₹300 ₹500

शुल्क का भुगतान केवल डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ही किया जा सकेगा। एक बार जमा शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं किया जाएगा, इसलिए भुगतान पूरी सावधानी से करना चाहिए।

परीक्षा का प्रारूप और पाठ्यक्रम

यूटेट पूर्णतः बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होती है। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट है और कुल 150 प्रश्न पूछे जाते हैं, जिनमें प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होता है। गलत उत्तर पर कोई ऋणात्मक अंकन नहीं किया जाता।

विषय (UTET-I, कक्षा 1-5) प्रश्न संख्या अंक
बाल विकास एवं पैडागॉजी 30 30
प्रथम भाषा 30 30
द्वितीय भाषा 30 30
गणित 30 30
पर्यावरण अध्ययन 30 30
कुल 150 150
विषय (UTET-II, कक्षा 6-8) प्रश्न संख्या अंक
बाल विकास एवं पैडागॉजी 30 30
प्रथम भाषा 30 30
द्वितीय भाषा 30 30
गणित एवं विज्ञान अथवा सामाजिक अध्ययन 60 60
कुल 150 150

Apply UP PSC

प्रथम भाषा हिंदी अथवा अंग्रेजी में से चुननी होगी, जबकि द्वितीय भाषा हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत अथवा उर्दू में से चुनी जा सकती है, बशर्ते वह प्रथम भाषा से भिन्न हो। UTET-II के लिए अभ्यर्थी को गणित-विज्ञान अथवा सामाजिक अध्ययन में से किसी एक विषय का चयन करना होगा।

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

UTET-I & II 2026 के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जा रहे हैं। किसी भी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्र मान्य नहीं होंगे। आवेदन प्रक्रिया निम्न चरणों में पूरी होती है।

  • वेबसाइट www.ukutet.com पर जाकर सबसे पहले सूचना विवरणिका (Information Brochure) डाउनलोड कर पढ़ें।
  • "Register New/नया पंजीकरण करें" पर क्लिक कर नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अंकित करें। एक मोबाइल नंबर और एक ई-मेल आईडी पर केवल एक ही आवेदन स्वीकार होगा।
  • मोबाइल/ई-मेल पर प्राप्त ओटीपी सत्यापित करते ही रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड मिलेगा।
  • लॉगिन कर आवेदन पत्र (Application Form) में शैक्षिक योग्यता, वर्ग, गृह जनपद, भाषा, परीक्षा शहर आदि सभी जानकारी अंग्रेजी कैपिटल लेटर में भरें।
  • निर्धारित आकार में नवीनतम फोटो, हस्ताक्षर और बायें हाथ के अंगूठे का निशान अपलोड करें।
  • Preview चरण में सभी प्रविष्टियों की जांच करें, क्योंकि शुल्क भुगतान के बाद किसी भी प्रविष्टि में संशोधन नहीं होगा।
  • डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई से निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान करें।
  • भुगतान के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लें।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज़

आवेदन से पहले अभ्यर्थियों के पास स्कैन की हुई नवीनतम रंगीन फोटो, स्पष्ट हस्ताक्षर, बायें हाथ के अंगूठे का निशान, हाईस्कूल प्रमाण-पत्र के अनुसार जन्मतिथि, शैक्षिक व प्रशिक्षण योग्यता के अंकपत्र तथा आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक फोटो पहचान पत्र होना अनिवार्य है।

परीक्षा केंद्र

लिखित परीक्षा राज्य के 13 जनपदों के 29 शहरों में प्रस्तावित है। आवेदन में ओयरियता क्रम से दो परीक्षा शहरों का चयन करना अनिवार्य है। एक बार परीक्षा केंद्र आवंटित हो जाने पर किसी भी परिवर्तन हेतु प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी शहर में 100 से कम आवेदक होते हैं, तो वहां केंद्र नहीं बनाया जाएगा और अभ्यर्थी को द्वितीय वरीयता वाले शहर या निकटतम शहर में केंद्र आवंटित किया जाएगा।

महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

  • अभ्यर्थी परीक्षा में एक बार में किसी एक अथवा दोनों स्तरों (UTET-I व UTET-II) में सम्मिलित हो सकता है, इसके लिए एक ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
  • दिव्यांग (दृष्टिबाधित, चलन बाधित, सेरेब्रल पाल्सी) अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार श्रुतलेखक की सुविधा दी जाएगी, जिन्हें प्रति घंटे 20 मिनट का क्षतिपूर्ति समय भी मिलेगा।
  • परीक्षा कक्ष में प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र और नीले/काले बॉलपेन के अलावा कोई अन्य सामग्री, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना वर्जित है।
  • ओ.एम.आर. उत्तर पत्रक में सभी प्रविष्टियां काले/नीले बॉल-पॉइंट पेन से ही करनी होंगी, पेंसिल का प्रयोग किसी भी दशा में मान्य नहीं होगा।
  • परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थन निरस्त कर विधिक कार्रवाई की जा सकती है।
  • केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा (CTET) उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी राज्य के सभी प्रकार के विद्यालयों में नियुक्ति के लिए पात्र होंगे। लेकिन अन्य राज्यों की TET उत्तीर्ण अभ्यर्थी उत्तराखंड में नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे।

क्या यूटेट प्रमाण-पत्र से सीधे नौकरी मिल जाती है?

नहीं, TET उत्तीर्ण करना शिक्षक भर्ती की केवल एक अनिवार्य न्यूनतम अर्हता है। वास्तविक नियुक्ति व चयन राज्य सरकार की संगत अध्यापक सेवा नियमावली और समय-समय पर जारी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ही होता है।

यूटेट परीक्षा में कितनी बार बैठा जा सकता है?

कोई भी अभ्यर्थी अध्यापक पात्रता परीक्षा में एक या एक से अधिक बार सम्मिलित हो सकता है। उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपने अंक सुधारने के लिए भी दोबारा परीक्षा दे सकता है, क्योंकि प्रमाण-पत्र की वैधता आजीवन रहती है।

आवेदन भरते समय बरतें ये सावधानियां

परिषद ने स्पष्ट किया है कि शुल्क भुगतान के बाद आवेदन पत्र की किसी भी प्रविष्टि में संशोधन संभव नहीं होगा, इसलिए अभ्यर्थियों को Preview चरण में हर जानकारी बेहद ध्यान से जांच लेनी चाहिए। आवेदन पत्र में केवल 08 से 11 अगस्त 2026 के बीच ही सीमित प्रविष्टियों में संशोधन की सुविधा दी जाएगी, इसके बाद परीक्षा से पूर्व या परीक्षाफल घोषित होने के बाद त्रुटि सुधार संबंधी कोई भी प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आरक्षण श्रेणी, वर्ग, अर्हता कोड और प्राप्तांक जैसी जानकारी अत्यंत सावधानी से भरें, क्योंकि गलत सूचना देने पर अभ्यर्थन एवं परीक्षाफल निरस्त किया जा सकता है और अभ्यर्थी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।

अभ्यर्थी को अपनी शैक्षिक व प्रशिक्षण योग्यता के अनुसार निर्धारित अर्हता कोड का चयन "Click for Eligibility Code" विकल्प से जांच कर ही करना चाहिए। इन-सर्विस शिक्षकों को अपने कार्यरत विद्यालय का 11 अंकों का यू-डायस कोड और विद्यालय का प्रकार (सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त अथवा मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त) भी अंकित करना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी दोनों स्तरों (UTET-I एवं UTET-II) की परीक्षा देना चाहता है, तो उसे दोनों के लिए अलग-अलग अर्हता विवरण भरना होगा, हालांकि पंजीकरण एक ही बार करना होगा।

आधिकारिक लिंक और संपर्क सूत्र

अभ्यर्थी सूचना विवरणिका (Information Brochure) आधिकारिक लिंक https://ukutet.com/ से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य अद्यतन जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.ukutet.com तथा www.ubse.uk.gov.in पर नियमित रूप से नजर रखनी चाहिए। किसी भी जानकारी के लिए फोन नंबर (05947)-254275 अथवा ई-मेल secy-ubse-uk@nic.in और secyutet@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। पत्राचार के लिए पता है: सचिव, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (टी.ई.टी. अनुभाग), पोस्ट ऑफिस वी.एस.पी. रामनगर (नैनीताल), उत्तराखंड, पिन कोड 244715।

Frequently Asked Questions

ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 03 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) है। परीक्षा शुल्क का भुगतान करने की अंतिम तिथि 06 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

हाँ, जो अभ्यर्थी दो वर्षीय अथवा चार वर्षीय शिक्षक प्रशिक्षण डिप्लोमा/डिग्री पाठ्यक्रम (जैसे डी.एल.एड./बी.टी.सी./बी.एड.) में अध्ययनरत (प्रशिक्षणरत) हैं या प्रवेश ले चुके हैं, वे परीक्षा के लिए अनंतिम रूप से पात्र होंगे। हालांकि, उनका प्रमाण-पत्र प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने के बाद ही मान्य होगा।

नहीं, यूटेट परीक्षा में गलत उत्तर के लिए कोई ऋणात्मक अंकन (Negative Marking) नहीं किया जाता है। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया जाता है।

उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET) के उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र की वैधता आजीवन (Lifetime) रहेगी।

हाँ, अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार/संशोधन के लिए 08 अगस्त 2026 से 11 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) का समय दिया जाएगा। इस निर्धारित अवधि के बाद संशोधन का कोई अन्य अवसर नहीं मिलेगा।
Naina Saini

"Naina Saini is an Editorial Intern at Aapbiti, specializing in publishing and managing education-focused news articles. Operating under the direct mentorship and guidance of Shakti Rao Mani, the Product Owner of aapbiti.com, Naina is dedicated to delivering accurate, timely, and engaging academic updates. Her role focuses on keeping readers informed about educational trends, exams, admissions, and key academic policies."

Comments (0)

User